
प्रदेश कांग्रेस 11 मार्च को शाम 5 बजे रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के आगे केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए कैंडल मार्च निकालेगी। प्रदेश सरकार को अस्थिर करने के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस 11 मार्च को शाम 5 बजे रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के आगे केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए कैंडल मार्च निकालेगी। इस कैंडल मार्च में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू समेत प्रदेश सरकार के मंत्री, कांग्रेस विधायक एवं पार्टी के अन्य नेता व पदाधिकारी शामिल होंगे।
रविवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ओकओवर में कांग्रेस विधायकों की की बैठक में मार्च को लेकर रणनीति बनाई गई। इसके अलावा प्रदेश के भीतर और बाहर चल रही सियासी घटनाक्रम पर भी चर्चा की गई। उधर, प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री रजनीश किमटा ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, अग्रणी संगठनों व विभागों के सभी प्रमुखों पदाधिकारियों सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को मार्च में शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
किमटा ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि वह एक राजनीतिक षड्यंत्र के तहत प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का असफल प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनमत कांग्रेस के पास है और प्रदेश कभी भी यह सहन नहीं करेगा कि जनमत का किसी भी प्रकार से अपमान हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस एकजुट और पूरी तरह से मजबूत है। उन्होंने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि प्रदेश में भाजपा का कोई भी षड्यंत्र सफल नहीं होगा। सूत्र बताते हैं कि बैठक के दौरान आपसी समन्वय बनाने, एकजुट रहने का भी संदेश दिया गया। भाजपा के खिलाफ किस प्रकार से आगामी रणनीति बनानी है, उस पर भी चर्चा हुई।